रेन कटान से धंसी सड़क बनी हादसे का सबब, समाजसेवक गुलाब सिंह ने PWD से की तत्काल मरम्मत की मांग

सिकरीगंज–बेलघाट मुख्य मार्ग पर कुआनो नदी स्थित सोपाई पुल के निकट लगातार बारिश के कारण सड़क के किनारे हुए रेन कटान (Rain Cut) से सड़क का बड़ा हिस्सा अंदर से खोखला होकर धंस गया है।

समाजसेवक गुलाब सिंह ने इस गंभीर समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (PWD), गोरखपुर को लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में बताया गया है कि ग्राम सोपाई, विकास खंड बेलघाट स्थित इस मार्ग पर लगातार वर्षा के चलते सड़क के किनारे भारी कटान हो गया है और सड़क का बड़ा हिस्सा अंदर से खोखला होकर धंस चुका है। इससे पूरी सड़क के टूटने की आशंका बनी हुई है।

शिकायत के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र का अत्यंत व्यस्त संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन स्कूल बसें, एंबुलेंस, दोपहिया, चारपहिया तथा भारी मालवाहक वाहन गुजरते हैं। वर्तमान स्थिति में किसी भी समय गंभीर एवं जानलेवा दुर्घटना हो सकती है।

गुलाब सिंह ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि तत्काल तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर सड़क की मरम्मत कराई जाए, रेन कटान रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा कार्य किए जाएं तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मरम्मत पूरी होने तक चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

बताया गया कि संबंधित अधिकारियों को सड़क की स्थिति की तस्वीरें भी भेजी गई हैं और शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बारिश के दौरान यह मार्ग बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

मुख्य बिंदु

  • सोपाई पुल के पास रेन कटान से सड़क का किनारा धंसा।
  • सड़क अंदर से खोखली होने के कारण कभी भी टूटने की आशंका।
  • स्कूल बस, एंबुलेंस और भारी वाहनों का रहता है आवागमन।
  • समाजसेवक गुलाब सिंह ने PWD को भेजा ज्ञापन।
  • तत्काल मरम्मत, बैरिकेडिंग और स्थायी समाधान की मांग।

#Belghat #BelghatNews #Gorakhpur #Sopai #PWD #RoadSafety #RainCut #RoadCollapse #UttarPradesh #BelghatCom #BreakingNews

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *