बेलघाट/गोरखपुर। विकासखंड बेलघाट के अंतर्गत ग्राम सभा बंतवार में मंगलवार को सीमा सुरक्षा बल (BSF) से दरोगा (Sub Inspector) पद से सेवानिवृत्त होकर अपने पैतृक गांव लौटे अमरजीत यादव का ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। देश की सीमाओं की वर्षों तक सेवा करने के बाद गांव लौटने पर उनका फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया तथा राष्ट्रसेवा में उनके योगदान की सराहना की गई।
सम्मान समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात रहकर सुरक्षा करने वाले सैनिक और अधिकारी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनका अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण समाज तथा युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अमरजीत यादव ने वर्षों तक सीमा सुरक्षा बल में अपनी सेवाएं देकर देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
इस अवसर पर अमरजीत यादव को स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज तथा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
समारोह में सर्वजन आवाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गिरिजेश मिश्रा सहित कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने अमरजीत यादव को सम्मानित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के त्याग, सेवा और समर्पण के कारण ही देश सुरक्षित और सशक्त बना हुआ है।
कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व्यास मुनि यादव, जिला उपाध्यक्ष रामजीत पांडेय, जिला उपाध्यक्ष (फौजी) राधेश्याम यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अमरजीत यादव का माल्यार्पण कर सम्मान किया।
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अमरजीत यादव का अभिनंदन करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
