बेलघाट दौरे के बाद समाजसेवी डॉ. शुभांकित आर्या की Belghat.com से विशेष बातचीत, कहा—ग्रामीणों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है हमारा उद्देश्य

हाल ही में बेलघाट क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे युवा समाजसेवी एवं बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के मेडिसिन विभाग से जुड़े चिकित्सक डॉ. शुभांकित आर्या ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जनसुविधाओं की जानकारी ली। दौरे के बाद Belghat.com ने उनसे दूरभाष पर विशेष बातचीत कर बेलघाट क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, जनजागरूकता और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

विशेष बातचीत के दौरान डॉ. शुभांकित आर्या ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि आज भी कई ग्रामीण समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं कराते, जिसके कारण सामान्य बीमारी भी कई बार गंभीर रूप ले लेती है। उनका मानना है कि नियमित जांच और सही चिकित्सकीय परामर्श से अनेक बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव है।

डॉ. आर्या ने बताया कि हाल ही में बेलघाट क्षेत्र में उनकी टीम द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर, थायराइड, यूरिक एसिड, लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT), फेफड़ों की जांच (PFT), न्यूरोपैथी सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। इसके साथ ही मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

Belghat.com से बातचीत के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि 15 अगस्त के बाद बेलघाट क्षेत्र में एक और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तिथि तय होने के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इस शिविर का लाभ उठा सकें।

बातचीत में Belghat.com की ओर से रापतपुर सहित अन्य गांवों में भी स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया गया। इस पर डॉ. शुभांकित आर्या ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर सहयोग मिलने पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं, जिससे ग्रामीणों को उनके गांव के निकट ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

डॉ. शुभांकित आर्या ने यह भी बताया कि भविष्य में जब भी वे बेलघाट क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर या किसी सामाजिक कार्यक्रम के लिए आएंगे, तो उसकी जानकारी Belghat.com को भी उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों तक समय पर सूचना पहुंच सके।

अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और किसी भी बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें। उनका कहना है कि स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत और विकसित समाज की नींव होते हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *