बेलघाट क्षेत्र के ग्राम रापतपुर के ग्रामीण गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर एकजुट हो गए हैं। ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल, पंचायत भवन, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को प्रमुख मुद्दा बताते हुए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के कई गांवों में विकास कार्य हुए हैं, लेकिन रापतपुर अब भी कई आवश्यक सुविधाओं से वंचित है। लोगों ने जाति और राजनीति से ऊपर उठकर गांव के समग्र विकास के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया है।
ग्रामीणों के अनुसार, विधायक द्वारा मामले का संज्ञान लिया गया है तथा जल निगम एवं संबंधित विभागों से बातचीत की गई है। अधिकारियों की ओर से जल्द गांव का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।
वहीं, ग्रामीणों ने मीडिया को भी गांव की वास्तविक स्थिति दिखाने की योजना बनाई है ताकि समस्याएं व्यापक स्तर पर सामने आ सकें। इसके लिए गांव के लोगों से एकत्र होकर अपनी समस्याएं कैमरे के सामने रखने की अपील की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक उनका प्रयास और संघर्ष जारी रहेगा।
